मीडिया दौरे में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने दिखाईं आधुनिक सुविधाएं, कहा— 25 करोड़ की लागत से बदली स्टेशन की तस्वीर
कोटा/गंगापुर सिटी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन के लोकार्पण से पहले बुधवार को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष दौरे का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिल कालरा ने स्टेशन पर किए गए पुनर्विकास कार्यों, अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं एवं 17 जुलाई को होने वाले लोकार्पण समारोह की विस्तृत जानकारी दी तथा तैयारियों का निरीक्षण भी किया।
डीआरएम अनिल कालरा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 अमृत भारत स्टेशनों का एक साथ लोकार्पण करेंगे। इनमें राजस्थान के 5 स्टेशन, पश्चिम मध्य रेलवे के 6 स्टेशन तथा कोटा मंडल का गंगापुर सिटी जंक्शन भी शामिल है, जो मंडल के लिए गौरव का विषय है।
25 करोड़ रुपये से बदली स्टेशन की तस्वीर
डीआरएम ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गंगापुर सिटी स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है और सभी निर्धारित कार्य पूर्ण हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि स्टेशन भवन का लगभग 555 वर्गमीटर क्षेत्र में विस्तार एवं आधुनिकीकरण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 3 नए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, 4 आधुनिक शौचालय ब्लॉक, लगभग 10 हजार वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा लिफ्ट एवं एस्केलेटर सहित 12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज (FOB) बनाया गया है।

इसके अलावा लगभग 960 वर्गमीटर में नए प्लेटफॉर्म शेल्टर तथा 12 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य भी पूरा किया गया है।
दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया स्टेशन
डीआरएम ने बताया कि स्टेशन को पूरी तरह दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। यहां रैंप, टैक्टाइल पाथ, अलग पार्किंग, दिव्यांग अनुकूल शौचालय एवं पेयजल सुविधा, व्हीलचेयर, हेल्प बूथ तथा सुगम पहुंच मार्ग विकसित किए गए हैं।

इसके साथ ही आधुनिक साइनेज, ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म घड़ियां भी स्थापित की गई हैं।
17 जुलाई को होगा भव्य समारोह
अनिल कालरा ने बताया कि 17 जुलाई को स्टेशन परिसर में आयोजित होने वाले लोकार्पण समारोह में दोपहर 2 बजे से सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी, यात्री एवं रेलवे अधिकारी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुरस्कार वितरण एवं लघु फिल्म प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।
तैयारियों का किया निरीक्षण
मीडिया दौरे के बाद डीआरएम अनिल कालरा ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को समारोह स्थल की साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन यात्रियों को पहले से अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही यह स्टेशन क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा।
मीडिया दौरे के अंत में पत्रकारों ने स्टेशन पर हुए पुनर्विकास कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा रेलवे द्वारा विकसित आधुनिक सुविधाओं की सराहना की।
