शिवरतन अग्रवाल बोले— डॉ. कलाम का जीवन राष्ट्रसेवा और सादगी का अनुपम उदाहरण, प्रधान मंजू गुर्जर ने कहा- विकसित भारत की नींव हैं युवा

गंगापुर सिटी। भारतीय जनता पार्टी गंगापुर की ओर से सोमवार को पंचायत समिति परिसर स्थित प्रधान मंजू गुर्जर के कार्यालय में भारत के पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न एवं महान वैज्ञानिक ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।

डॉ. कलाम के आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

सभा को संबोधित करते हुए सभापति शिवरतन अग्रवाल ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने अपने ज्ञान, वैज्ञानिक सोच और दूरदर्शी नेतृत्व से भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम के विचार आज भी युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देते हैं। प्रत्येक नागरिक को उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

शिक्षित और सशक्त युवा ही विकसित भारत की नींव

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधान मंजू गुर्जर ने कहा कि डॉ. कलाम शिक्षा, विज्ञान और नवाचार को विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव मानते थे। उनका विश्वास था कि शिक्षित, जागरूक और सक्षम युवा ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से डॉ. कलाम के बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंघल, मोर्चा संयोजक जमनालाल वैष्णव, शहर मंडल अध्यक्ष मिथलेश व्यास, रामभरोसी वैष्णव, कमलेश महावर, गोपाल धामोनिया, भीम चौधरी, विष्णु ट्रांसपोर्ट, रघुनाथ फौजी, जीतू गुर्जर, राजू गुट्टा, रोविन गुर्जर, गोविन्द शायरोली, श्यामसुंदर वजीरपुर, कमल सिंह फौजी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!