द एक्सपोज़र ब्यूरो | सवाई माधोपुर / गंगापुर सिटी | 24 नवंबर 2026

सवाई माधोपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित जिला पर्यावरण समिति की बैठक में पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

सिंगल यूज प्लास्टिक, बायोमेडिकल वेस्ट और ध्वनि प्रदूषण पर नकेल

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों की जवाबदेही तय करते हुए निम्नलिखित प्रमुख निर्देश जारी किए:

  • सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक: नगरीय निकाय अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग की नियमित निगरानी करने और जब्ती व जुर्माने की सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
  • बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन: सरकारी अस्पतालों एवं निजी चिकित्सा संस्थानों से निकलने वाले जैव-चिकित्सा कचरे (बायोमेडिकल वेस्ट) को सामान्य कचरे से पूरी तरह अलग एकत्रित कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
  • वाहन व ध्वनि प्रदूषण: जिला परिवहन अधिकारी (DTO) अभिजीत सिंह को बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) संचालित वाहनों और प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वालों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सूरवाल व गंगापुर सिटी के एसटीपी का सुचारू संचालन और खुले में कचरा जलाने पर जुर्माना

जिला कलक्टर ने सूरवाल स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तथा गंगापुर सिटी के एसटीपी का सुचारू संचालन और निर्धारित पर्यावरणीय मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, जिले के सभी गांवों को शीघ्र ओडीएफ प्लस (ODF Plus) घोषित करने, गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण तथा निर्माण अपशिष्ट (मलबे) के पुनः उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। नगर परिषद अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि खुले में कचरा फेंकने या कचरे में आग लगाने वाले दुकानदारों और लापरवाह सफाई कार्मिकों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

खेतों में पराली व कृषि अपशिष्ट जलाने पर कृषि विभाग की निगरानी

खेतों में चावल की भूसी (पराली) एवं अन्य कृषि अपशिष्ट जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण को रोकने के लिए संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार को निर्देशित किया गया। कलक्टर ने कहा कि पहले किसानों को समझाइश दी जाए और जागरूकता अभियान चलाया जाए, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अवहेलना करने वाले किसानों के विरुद्ध आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में उप वन संरक्षक सुनील कुमार, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार लखपत मीणा, पीएमओ डॉ. तेजराम मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!