सवाई माधोपुर, 11 जून। राज्य सरकार द्वारा आमजन को राहत पहुंचाने और नगरीय सेवाओं को लोगों के घरों के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “शहरी सेवा शिविर अभियान-2026” की शुरुआत की जा रही है। जिले के सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बामनवास, वजीरपुर, बौंली और खण्डार नगरीय क्षेत्रों में 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
क्या होगा शिविर का समय?
इन शिविरों का आयोजन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा, जहां नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा और अनेक सरकारी योजनाओं के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
कौन कौन कार्य हो सकेंगे शिविर में?
शिविरों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट मरम्मत एवं नई स्ट्रीट लाइट स्थापना, सीवरेज कनेक्शन और मरम्मत, सार्वजनिक पार्कों की सफाई, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर पंजीकरण, भूखंड उपविभाजन एवं एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत घरेलू शौचालय निर्माण से जुड़े आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
गंगापुर सिटी में कब लगेंगे शिविर
नगर परिषद गंगापुर सिटी क्षेत्र के वार्डों के लिए शिविर नगर परिषद सभागार में आयोजित होंगे। कार्यक्रम के अनुसार 12 जून से 13 जुलाई तक विभिन्न वार्डों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें वार्ड संख्या 1 से 60 तक के नागरिक अपनी समस्याओं और आवेदनों के साथ पहुंच सकेंगे।
| तिथि | वार्ड संख्या |
|---|---|
| 12 एवं 15 जून | वार्ड 1 से 6 |
| 16 एवं 18 जून | वार्ड 7 से 12 |
| 19 एवं 22 जून | वार्ड 13 से 18 |
| 23 एवं 24 जून | वार्ड 19 से 24 |
| 25 एवं 29 जून | वार्ड 25 से 30 |
| 30 जून एवं 1 जुलाई | वार्ड 31 से 36 |
| 2 एवं 3 जुलाई | वार्ड 37 से 42 |
| 6 एवं 7 जुलाई | वार्ड 43 से 48 |
| 8 एवं 9 जुलाई | वार्ड 49 से 54 |
| 10 एवं 13 जुलाई | वार्ड 55 से 60 |
इसी प्रकार नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका बामनवास, वजीरपुर, बौंली और खण्डार क्षेत्र में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविर लगाए जाएंगे। प्रशासन का दावा है कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और कई लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण किया जा सकेगा।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित वार्ड के निर्धारित शिविर दिवस पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाएं।
12 जून से शुरू होंगे शहरी सेवा शिविर, एक ही जगह होंगे दर्जनों काम।
