धर्म / समाज

गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग तेज, गंगापुर सिटी में चला हस्ताक्षर अभियान का आह्वान

The Xposure News Desk | Gangapur City

गंगापुर सिटी। गौ माता सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गंगापुर सिटी नगर परिषद क्षेत्र स्थित गोपाल गौशाला में आयोजित एक विशाल गौ-संरक्षण सभा में संत श्री श्री 108 ग्वाल संत गोपालानंद महाराज ने गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर व्यापक जनजागरण का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे।

अपने आशीर्वचन में संत गोपालानंद महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और गौसंरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं। उन्होंने कहा कि गौवंश संरक्षण को राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है तथा गौहत्या पर प्रभावी प्रतिबंध लागू करने के लिए समाज को संगठित प्रयास करने होंगे।

महाराज ने उपस्थित जनसमूह से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करवाने के समर्थन में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना का विषय भी है। उन्होंने बताया कि आगामी 27 जुलाई को देशव्यापी अभियान के तहत जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

सवाई माधोपुर जिले से सवा लाख हस्ताक्षर एकत्रित कर जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने विशेष रूप से सवाई माधोपुर जिले के गौसेवकों से आह्वान करते हुए कहा कि जिले से सवा लाख हस्ताक्षर एकत्रित कर जिला मुख्यालय पर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि जनभावनाओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। इस दौरान उपस्थित गौसेवकों को अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प भी दिलाया गया।

सभा में संत गोपालानंद महाराज ने कहा कि गौसंरक्षण भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौसेवा एवं गौसंरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान गौ माता सम्मान आह्वान अभियान के तहसील प्रचारक एवं गौसेवक गोविंद नारायण शर्मा के नेतृत्व में संत गोपालानंद महाराज का भव्य स्वागत किया गया। सभा में गौसेवकों और नागरिकों ने गौसंरक्षण के समर्थन में अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

कार्यक्रम का संचालन गोपाल गौशाला अध्यक्ष विजय गोयल ने किया।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी बहादुर सिंह गुर्जर, कृपाशंकर उपाध्याय, राजेंद्र नरूका, नरेश दुबे, शैलेंद्र श्रीवास्तव, नरेंद्र चौधरी, भानु पारीक, राजेश अग्रवाल, महेश चौधरी, मोहित शर्मा, किशन वैष्णव, प्रसन्न सुराणा, गिर्राज गुप्ता, पिल्लू धोलेटा, राधा दीक्षित, नरेश मीणा, एडवोकेट बृजनंद दीक्षित, डॉ. राहुल गुप्ता, चंद्रभान स्वास्तिक, रमेश सेन सहित बड़ी संख्या में गौसेवक एवं नगरवासी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!