गंगापुर सिटी (द एक्सपोज़र न्यूज़)। शनिवार शाम गंगापुर सिटी के मिनी सचिवालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं होने से परेशान एक महिला आत्महत्या करने की नीयत से मिनी सचिवालय की छत पर जा चढ़ी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में सनसनी फैल गई, हालांकि सतर्कता दिखाते हुए दो पुलिसकर्मियों ने तुरंत पीछे से पहुंचकर महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके पश्चात अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) सुदर्शन सिंह तोमर ने खुद आगे आकर महिला को प्रेमपूर्वक समझाया और उसकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी।

गंगापुर सिटी मिनी सचिवालय
द एक्सपोज़र फ़ोटो: गंगापुर सिटी मिनी सचिवालय की छत पर महिला।

तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह, ससुराल पक्ष से चल रहा है विवाद

मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी करणसिंह राठौड़ ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला ने करीब तीन-चार साल पहले कुलदीप मीना के साथ प्रेम विवाह किया था। इस शादी से महिला के ससुराल पक्ष के लोग बेहद नाराज चल रहे हैं। महिला ने इस संबंध में पहले से ही जयपुर में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा रखा है।

शनिवार को महिला गंगापुर सिटी में स्थानीय स्तर पर ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अधिकारियों और थानों के चक्कर काट रही थी। महिला का आरोप था कि वह कई दिनों से अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे तंग आकर उसे यह खौफनाक कदम उठाना पड़ा।

एडीएम की समझाइश और पुलिस कार्रवाई

मिनी सचिवालय की छत पर महिला के चढ़ने की सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्परता दिखाते हुए दो सिपाही चुपचाप पीछे के रास्ते से छत पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित पकड़कर नीचे ले आए।

इसके बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर ने मौके पर ही महिला को ढांढस बंधाया और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया। एडीएम की समझाइश के बाद महिला शांत हुई, जिसके बाद उसे तुरंत एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) के साथ कोतवाली थाने भेजा गया। थाना स्तर पर अब महिला की शिकायत के आधार पर मारपीट और प्रताड़ना का मामला दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासनिक और पुलिस सतर्कता: इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की परिवेदनाओं की त्वरित सुनवाई की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, समय रहते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!