गंगापुर सिटी (द एक्सपोज़र न्यूज़)। गंगापुर सिटी नगर परिषद में आयुक्त पद की कमान में एक बार फिर बदलाव किया गया है। नरसी मीना ने नगर परिषद के नए आयुक्त के रूप में अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है। अपनी इस नई जिम्मेदारी के साथ-साथ वे अपने मूल पद अधिशासी अभियंता (सिविल), रूडसिको (आवासन निगम), यूनिट-चतुर्थ, जयपुर के दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले नगर परिषद आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार वजीरपुर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी दीपक चौहान के पास था। वहीं, कुछ समय पूर्व तक इस पद की जिम्मेदारी उपखंड अधिकारी (SDM) के पास भी रह चुकी है। प्रशासनिक कसावट के लिहाज से इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गंगापुर सिटी से पुराना जुड़ाव, शहर की भौगोलिक स्थिति से हैं भली-भांति परिचित
नये आयुक्त नरसी मीना का गंगापुर सिटी से पुराना और गहरा नाता रहा है। वे अपने सेवाकाल के दौरान पूर्व में इस शहर में कनिष्ठ अभियंता (JE), सहायक अभियंता (AE) और नगर परिषद आयुक्त के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं।
शहर की भौगोलिक परिस्थितियों, यहां की कार्यप्रणाली, बुनियादी समस्याओं और चल रहे विकास कार्यों का उन्हें पहले से ही लंबा अनुभव है। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक हलकों में उनके पुराने अनुभवों को शहर के विकास के लिए सकारात्मक माना जा रहा है।
विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं में गति मिलने की उम्मीद
नरसी मीना द्वारा आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के बाद शहरवासियों और पार्षदों में नगर परिषद से जुड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद बंध गई है। शहर की मुख्य समस्याओं जैसे सुचारू सफाई व्यवस्था, सड़क, नाली निर्माण, मार्ग प्रकाश (रोशनी) और अन्य लंबित विकास कार्यों में अब बेहतर प्रगति और पारदर्शिता आने की प्रबल संभावना है।
