श्रावणी मेले के दौरान संयुक्त चेकिंग अभियान में RPF-GRP की कार्रवाई, 53 क्वार्टर शराब बरामद

कोटा। श्रावणी मेले के दौरान रेलवे परिसर में अवैध शराब की तस्करी और गैर-कानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) द्वारा चलाए गए संयुक्त चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता मिली है। कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एक कोच अटेंडेंट को लगभग 9.54 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल की मंडल टीम के उप निरीक्षक सुमित रघुवंशी, आरपीएफ पोस्ट कोटा के सहायक उप निरीक्षक हरवंश बघेल तथा जीआरपी कोटा की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया।

तलाशी में 53 क्वार्टर शराब बरामद

पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसकी पहचान जीतू कुमार (36 वर्ष), निवासी पटना (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी में उसके बैग से विंटेज जामुन वोदका के 29 क्वार्टर (180-180 मिली) तथा मूनवॉक जामुन वोदका के 24 क्वार्टर (180-180 मिली) बरामद हुए।

इस प्रकार कुल 53 क्वार्टर, यानी लगभग 9.54 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।

आरोपी को जीआरपी के सुपुर्द किया

बरामद शराब सहित आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), कोटा के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यात्रियों से की सहयोग की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री का परिवहन या गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल न हों। यदि किसी यात्री को स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देती है तो उसकी सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे हेल्पलाइन पर दें, ताकि सुरक्षित एवं अपराधमुक्त रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!