जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई करौली की पहल, अपना घर आश्रम में आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
हिंडौन सिटी (करौली)। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को अपना घर आश्रम में जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई, करौली की ओर से निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आश्रम में रह रहे 86 प्रबुद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं काउंसलिंग प्रदान की गई।
शिविर में मनोचिकित्सक डॉ. प्रेमराज मीणा एवं गौरव गोयल, मनोरोग नर्स गौरव शर्मा तथा सी.आर.ए. ने सेवाभाव के साथ मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। विशेषज्ञों ने प्रत्येक व्यक्ति की मानसिक एवं व्यवहारिक समस्याओं को समझते हुए उनकी काउंसलिंग की और आवश्यक उपचार संबंधी परामर्श दिए।
मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

शिविर के दौरान चिकित्सकों ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समय पर उपचार और नियमित परामर्श की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सही समय पर पहचान और उपचार से मानसिक रोगियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
वर्षों से निराश्रितों की सेवा कर रहा है अपना घर आश्रम
शिविर के सफल आयोजन में अपना घर आश्रम के स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। आश्रम अध्यक्ष राकेश गोयल ने बताया कि संस्था वर्षों से निराश्रित, असहाय एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों की सेवा में समर्पित है। ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के भाव के साथ आश्रम ऐसे लोगों के उपचार, देखभाल एवं पुनर्वास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर न केवल मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध कराते हैं, बल्कि समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
