भारतीय पैरा शूटिंग टीम में चयनित राहुल अब सर्बिया में WSPS World Cup Novi Sad 2026 में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

गंगापुर सिटी। गंगापुर सिटी के प्रतिभाशाली पैरा निशानेबाज राहुल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। हाल ही में WSPS World Cup Novi Sad 2026 (Serbia) के लिए भारतीय टीम में चयनित राहुल ने इस उपलब्धि के साथ एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में राहुल शर्मा ने 25 मीटर पिस्टल मिक्स्ड SH1 वर्ग तथा 10 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल SH1 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते वे प्रदेश के साथ-साथ देश के उभरते हुए पैरा निशानेबाजों में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।

माता-पिता और प्रशिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

राहुल शर्मा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता गोपाल शर्मा (सेवानिवृत्त पशु चिकित्सा सहायक, कैमरी) को दिया। उन्होंने अपने प्रशिक्षकों सचिन सिंह शेखावत एवं मोहन सिंह शेखावत का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर सहयोग से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।

अब वर्ल्ड कप पर निगाहें

राहुल शर्मा की इस शानदार सफलता से खेल प्रेमियों, क्षेत्रवासियों एवं राजस्थान के खेल जगत में खुशी की लहर है। अब सभी की निगाहें सर्बिया में आयोजित होने वाले WSPS World Cup Novi Sad 2026 पर टिकी हैं, जहां राहुल शर्मा भारतीय तिरंगे के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ अपनी चुनौती पेश करेंगे।

राहुल शर्मा की यह उपलब्धि न केवल गंगापुर सिटी बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी इसी शानदार प्रदर्शन को दोहराते हुए भारत का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!