बिजनौर/लखनऊ (द एक्सपोज़र न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और मर्यादा को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। बढ़ापुर थाने के आधिकारिक एवं सरकारी WhatsApp ग्रुप में अचानक एक आपत्तिजनक (अश्लील) वीडियो पोस्ट कर दिया गया। विभागीय संवाद के लिए बने ग्रुप में अश्लील सामग्री साझा होते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की प्राथमिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बिजनौर पुलिस अधीक्षक (SP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बढ़ापुर थाना प्रभारी निरीक्षक (SHO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सरकारी ग्रुप में वीडियो पोस्ट होते ही मची खलबली, डिलीट करने से पहले हुए स्क्रीनशॉट सुरक्षित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बढ़ापुर थाने के सरकारी कामकाज, कानून-व्यवस्था के निर्देशों और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए पुलिसकर्मियों का एक आधिकारिक WhatsApp ग्रुप संचालित है। करीब पांच दिन पूर्व इस ग्रुप में अचानक एक आपत्तिजनक वीडियो साझा किया गया।
हालांकि, गलती का अहसास होते ही कुछ ही समय बाद वीडियो को ग्रुप से डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक ग्रुप में जुड़े कुछ पुलिसकर्मियों ने वीडियो को डाउनलोड कर लिया था और उसके स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिए थे। इसके बाद यह मामला महकमे के भीतर और उच्चाधिकारियों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
एसपी ने बैठाई जांच, रिपोर्ट के आधार पर SHO नीरज कुमार पर गिरी गाज
शासकीय संचार माध्यम पर इस तरह की घोर अनुशासनहीनता की सूचना मिलते ही बिजनौर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया और तत्काल जांच के आदेश दिए।
जांच अधिकारी ने बढ़ापुर थाने पहुंचकर ग्रुप से जुड़े पुलिसकर्मियों से गहन पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर तैयार की गई जांच आख्या एसपी को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट में थाना स्तर पर गंभीर लापरवाही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने बढ़ापुर थाना प्रभारी निरीक्षक (SHO) नीरज कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वर्दी और आधिकारिक पद की गरिमा के विरुद्ध आचरण करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में विस्तृत विभागीय जांच अभी जारी है।
