जिला कलक्टर के नाम-फोटो का दुरुपयोग, अंतरराष्ट्रीय नंबर से आ रहे भ्रामक संदेश
सवाई माधोपुर | 19 फरवरी
जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें जिला कलक्टर कानाराम की फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई गई है। इस प्रोफाइल के माध्यम से अधिकारियों एवं आमजन से संपर्क कर उन्हें गुमराह करने और ठगी का प्रयास किया जा रहा है।
जिला कलक्टर ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति या गिरोह द्वारा अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर +84562884738 पर उनकी फोटो लगाकर इसे आधिकारिक प्रोफाइल के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जो पूर्णतः फर्जी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नंबर या प्रोफाइल उनसे संबंधित नहीं है और इससे प्राप्त किसी भी कॉल या संदेश पर विश्वास नहीं किया जाए।

पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर ने पुलिस विभाग को अज्ञात साइबर ठग के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों से अपील की कि इस नंबर या ऐसे अन्य संदिग्ध नंबरों से प्राप्त संदेशों का जवाब न दें तथा किसी भी प्रकार का वित्तीय लेन-देन न करें।
आमजन से सतर्क रहने की अपील
जिला कलक्टर ने नागरिकों को सावधान करते हुए कहा कि—
- अज्ञात या अंतरराष्ट्रीय नंबर से आने वाली कॉल, मैसेज या वीडियो कॉल का जवाब न दें
- किसी भी स्थिति में व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण या ओटीपी साझा न करें
- संदिग्ध नंबर या प्रोफाइल को तुरंत ब्लॉक कर रिपोर्ट करें
- धोखाधड़ी की स्थिति में निकटतम पुलिस थाने या साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें
- उन्होंने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

