गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर (द एक्सपोज़र न्यूज़)। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा के सख्त निर्देशों के बाद क्षेत्र में व्यावसायिक धर्मकांटों की औचक जांच का विशेष अभियान तेज हो गया है। अभियान के तहत विधिक माप विज्ञान विभाग (Legal Metrology) की टीम ने गंगापुर सिटी और बौंली क्षेत्र में कुल 6 प्रमुख धर्मकांटों का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बौंली क्षेत्र में एक धर्मकांटा बिना सत्यापन के संचालित पाया गया, जिस पर विभागीय टीम ने मौके पर ही विधिक कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला।
गंगापुर सिटी के 3 कांटे नियमों के अनुरूप, बौंली में अनियमितता पर कार्रवाई
विधिक माप विज्ञान अधिकारी अशोक मित्तल ने बताया कि तौल और माप उपकरणों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा किसानों व व्यापारियों को घटतौली से बचाने के लिए जिलेभर में 23 अक्टूबर तक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
निरीक्षण दल ने गंगापुर सिटी क्षेत्र के तीन प्रमुख धर्मकांटों—गोपाल धर्मकांटा, देवड़ी धर्मकांटा एवं त्रिवेणी धर्मकांटा की सघन जांच की। अधिकारी के अनुसार, गंगापुर सिटी के तीनों धर्मकांटों के उपकरण निर्धारित मानकों पर खरे उतरे और उनका संचालन विधिक माप विज्ञान नियमों के पूर्णतः अनुरूप पाया गया।
बौंली में 3 धर्मकांटों की पड़ताल, एक असत्यापित मिलने पर चालान
अभियान के दौरान टीम ने बौंली उपखंड क्षेत्र में प्रसिद्धि कन्स्ट्रक्शन धर्मकांटा, दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड धर्मकांटा एवं पटेल कम्प्यूटरीकृत धर्मकांटे का भौतिक सत्यापन किया।
पड़ताल के दौरान एक धर्मकांटा असत्यापित (Unverified) स्थिति में व्यावसायिक रूप से संचालित पाया गया। विभाग ने नियमानुसार चालान बनाकर संबंधित संचालक से मौके पर ही जुर्माना राशि वसूल की और तत्काल सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
धर्मकांटा संचालकों को सख्त हिदायत
विधिक माप विज्ञान अधिकारी ने जिले के समस्त धर्मकांटा संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अपने तौल उपकरणों का निर्धारित समय सीमा के भीतर नियमित वार्षिक सत्यापन अवश्य करवाएं।
• विभाग द्वारा जारी वैध सत्यापन प्रमाण-पत्र को कांटे के केबिन में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य है।
• नियमों की अवहेलना अथवा घटतौली पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
