गंगापुर सिटी (द एक्सपोज़र न्यूज़)। गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करवाने और गोहत्या मुक्त भारत के संकल्प को लेकर गंगापुर सिटी के दशहरा मेला मैदान में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष काउंटर स्थापित कर श्रद्धालुओं और आमजन से निर्धारित प्रपत्रों पर हस्ताक्षर करवाए गए, जिसमें हजारों नागरिकों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

17 दिसंबर को जयपुर में मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन

अभियान के जिला प्रभारी गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के पावन उद्देश्य से सर्व हिंदू समाज एवं पूज्य साधु-संतों के पावन सानिध्य में यह राष्ट्रव्यापी मुहिम चलाई जा रही है। अभियान के प्रथम एवं द्वितीय चरण की सफलता के बाद अब तृतीय चरण की रूपरेखा तय कर ली गई है।

योजना के अनुसार, आगामी 17 दिसंबर 2026 को जयपुर कूच कर राजस्थान के मुख्यमंत्री को हजारों हस्ताक्षरित प्रपत्रों के साथ आधिकारिक ज्ञापन सौंपा जाएगा।

गंगापुर सिटी दशहरा मेला मैदान में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने हेतु हस्ताक्षर अभियान
द एक्सपोज़र फ़ोटो: गंगापुर सिटी दशहरा मेला मैदान में हस्ताक्षर अभियान के दौरान प्रपत्र सौंपते गौ सेवक और आयोजक।

गांव-गांव घूमेंगे विशेष प्रचार रथ, पंचायतों में होगा जनसंपर्क

तृतीय चरण के तहत अभियान को गति देने के लिए विशेष प्रचार रथ तैयार करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। गठित कमेटियां जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर सघन जनसंपर्क करेंगी।

इस दौरान ग्रामीणों से हस्ताक्षर करवाने के साथ ही उन्हें 17 दिसंबर को बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचने का निमंत्रण दिया जाएगा, ताकि लोकतांत्रिक व संगठित तरीके से सरकार तक जनभावना को पहुंचाया जा सके।

सर्व समाज व पार्षदों से सहयोग की अपील

जिला प्रभारी गोविंद नारायण शर्मा ने गौशाला संचालकों, गौ सेवकों, धर्मप्रेमियों, नगर परिषद क्षेत्र के समस्त वार्डवासियों और पार्षदों से इस पुनीत कार्य में तन-मन से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश को गोहत्या के कलंक से मुक्त कराना और गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाना ही इस आंदोलन का एकमात्र ध्येय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!