गंगापुर सिटी में चला जनजागरण अभियान, नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
गंगापुर सिटी। भारत विकास परिषद, शाखा सुभाष द्वारा संस्थापक सचिव डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती के अवसर पर शनिवार शाम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान में नशा मुक्ति शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, शाखा सदस्यों एवं नागरिकों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
शाखा सदस्य धनेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र सारस्वत ने उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प
राजेंद्र सारस्वत ने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
हस्ताक्षर अभियान में युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
शपथ ग्रहण के बाद आयोजित हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्ति के समर्थन में अपने हस्ताक्षर किए।
नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प दोहराया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष विजय सिंह मीना, सचिव के.के. मंगल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र जैमिनी, प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र सारस्वत, बालकृष्ण गुप्ता, सचिन शर्मा, धनेश शर्मा, सुरेंद्र सिंह राजपूत, वेदप्रकाश तिवाड़ी सहित शाखा के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, नवयुवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
