55 रक्तदाताओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

गंगापुर सिटी स्थित शिवाजी क्लब द्वारा संस्थापक स्वर्गीय मोहनलाल जैमिनी की 27वीं पुण्यतिथि के अवसर पर नौवां स्वैच्छिक महारक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर रिया हॉस्पिटल ब्लड बैंक में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 55 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील दीक्षित एवं रिया हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. महेन्द्र मीना द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान दोनों अतिथियों ने रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों एवं समाज में इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

मीडिया प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि शिवाजी क्लब द्वारा हर वर्ष नियमित रूप से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है और इस वर्ष यह नौवां शिविर रहा। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद रोगियों की जान बचाई जा सकती है, वहीं नियमित रक्तदान से हृदय रोग एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की संभावना भी कम होती है।शिवाजी क्लब के अध्यक्ष राजदीप जैमिनी ने कहा कि क्लब का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त की कमी के कारण परेशानी न हो। क्लब द्वारा शत-प्रतिशत जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर किया जाता है।रक्तदान शिविर में समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर संदीप जैमिनी, मोनू सैनी, देवेन्द्र गुर्जर, राकेश मीना, रवि सैनी, मनीष शर्मा, राजदीप जैमिनी, अंकित सिंह, हेमन्त शर्मा, महेन्द्र कुम्भाल, परमानंद, सोनी, राहुल जाट सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।शिविर का आयोजन पूरी तरह अनुशासित, सुरक्षित एवं सफल रहा, जिसकी सभी अतिथियों एवं आमजन ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!