पहले IES में 44वीं रैंक, अब सिविल सेवा में भी सफलता
गंगापुर सिटी। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा 6 मार्च 2026, शुक्रवार को जारी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में गंगापुर सिटी निवासी अक्षत सिंघल ने ऑल इंडिया रैंक 352 प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया है।
गंगापुर सिटी में हुई प्रारंभिक शिक्षा
अक्षत सिंघल की प्रारंभिक शिक्षा गंगापुर सिटी में ही हुई है। श्रीनिवास मिल स्थित विवेकानन्द संस्कार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उन्होंने दसवीं तक पढ़ाई पूरी की। विद्यालय के निदेशक अजय सिन्हा ने बताया कि अक्षत शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित छात्र रहे हैं। उन्होंने हमेशा अपने शिक्षकों और परिवारजनों का सम्मान किया, और इसी समर्पण व मेहनत के बल पर आज उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

अक्षत सिंघल वर्तमान में रक्षा मंत्रालय (Ministry of Defence) में कार्यरत हैं। इससे पहले उन्होंने भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (IES) परीक्षा 2019 में ऑल इंडिया रैंक 44 प्राप्त की थी और उसी आधार पर उन्हें रक्षा मंत्रालय में नियुक्ति मिली थी।
चौथे प्रयास और दूसरे इंटरव्यू में मिली सफलता
अक्षत सिंघल को यह सफलता चौथे प्रयास और दूसरे इंटरव्यू में मिली है। उन्होंने नौकरी के साथ-साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी और निरंतर मेहनत व दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।
सफलता के लिए अपनाई विशेष रणनीति
अक्षत सिंघल ने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान सबसे पहले प्रीलिम्स परीक्षा पर विशेष फोकस किया।
सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स के लिए उन्होंने समाचार पत्रों, पॉडकास्ट, यूट्यूब और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा लिया।
मेन परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने एनसीईआरटी की कक्षा 6 से 12 तक की पुस्तकों का गहन अध्ययन किया और विषयवार नोट्स तैयार किए, जिससे विषयों की बुनियादी समझ मजबूत हुई।
अक्षत ने पूर्व में चयनित मोहित मंगल से भी परीक्षा पैटर्न के बारे में जानकारी ली। मोहित मंगल भी विवेकानंद संस्कार स्कूल का पूर्व छात्र रहा है।
परिवार का सहयोग बना सफलता की ताकत
अक्षत सिंघल के पिता दिनेशचंद सिंघल पहले ऑटो पार्ट्स का व्यवसाय करते थे, जिसे बाद में बंद कर दिया गया। वर्तमान में वे एक निजी डेंटल अस्पताल के प्रबंधन से जुड़े हुए हैं।
उनकी माता रेखा सिंघल गृहिणी हैं। अक्षत के छोटे भाई आकाश सिंघल इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) में अधिकारी पद पर कार्यरत हैं।
अक्षत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के समर्थन और मार्गदर्शन ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
अक्षत सिंघल की इस सफलता से गंगापुर सिटी में खुशी की लहर है। परिजनों, मित्रों और शहरवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है और यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय ने दी बधाई
विद्यालय के निदेशक अजय सिन्हा ने अक्षत सिंघल को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अक्षत की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

