अनसेफ पाए गए स्नैक सॉस के नमूने, 7600 किलो स्टॉक की बिक्री पर रोक

अजमेर। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत अजमेर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य नमूनीकरण एवं निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अजमेर डॉ. ज्योत्सना रंगा के निर्देशों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पालरा इंडस्ट्रियल एरिया में निरीक्षण

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी केसरी नंदन शर्मा एवं राजेश कुमार त्रिपाठी ने पालरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स डीकेएस फूड्स का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मौके पर मिले स्नैक सॉस (एपिक ब्रांड) के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।

7600 किलो सॉस की बिक्री पर रोक

जयपुर मुख्यालय से अनसेफ पाए गए खाद्य पदार्थों को रिकॉल करने और स्टॉक की बिक्री रोकने के निर्देशों की पालना में मौके पर मौजूद करीब 7600 किलोग्राम सॉस को जांच रिपोर्ट आने तक बिक्री से रोक दिया गया।

जानकारी के अनुसार, इससे पहले जयपुर में इसी ब्रांड के स्नैक सॉस का नमूना अनसेफ पाया गया था। हालांकि निरीक्षण के दौरान संबंधित बैच का स्टॉक मौके पर नहीं मिला।

निर्माता को रिकॉल के निर्देश

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निर्माता को निर्देश दिए कि संबंधित बैच की समस्त सामग्री को बाजार में मौजूद होलसेलर एवं रिटेलर से तत्काल वापस मंगवाया जाए।

दस्तावेजों में भी मिली कमी

निरीक्षण के दौरान—

  • फूड हैंडलर्स के मेडिकल सर्टिफिकेट
  • पेस्ट कंट्रोल संबंधी दस्तावेज
  • अन्य आवश्यक अभिलेख

मौजूद नहीं पाए गए। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान जारी

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!